Monday, April 1, 2019

अमित शाह ने नवीन पर साधा निशाना, कहा 'इंग्लिश स्पीकिंग सीएम'

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ओडिशा के उमरकोट में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वो अंग्रेज़ी बोलने वाला मुख्यमंत्री चुन कर फिर से ग़लती ना करें.

अमित शाह ने कहा कि वो दोबारा ऐसा अंग्रेज़ी स्पीकिंग मुख्यमंत्री को चुन कर ग़लती न दोहराएं जो वोटरों की भावनाएं समझ न पाते हों.

भाजपा अध्यक्ष का इशारा प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की तरफ था जो बीते 19 सालों से सत्ता संभाले हुए हैं लेकिन अब तक वो ओड़िया भाषा में बात नहीं कर पाते.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के वर्धा में एक चुनावी रैली में कांग्रेस और उसकी सहयोगी एनसीपी पर निशाना साधा.

उन्होंने एनसीपी के शीर्ष नेता शरद पवार के परिवारिक कलह का हवाला देते हुए एनसीपी पर हमला बोला.

दोनों पार्टियों को कुंभकरण बताते हुए मोदी ने कहा कि जब ये सत्ता में आती हैं तो घोटाले करती हैं और फिर छह छह महीने सोती रहती हैं.

उन्होंने अपने भाषण में बालाकोट पर विपक्ष के सवाल करने पर तंज कसा और कहा, 'आपको सबूत चाहिए या सपूतों पर गर्व.'

मोदी ने हिंदू आतंकवाद को लेकर भी कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि सुशील कुमार शिंदे जब केंद्रीय मंत्री थे तो उन्होंने इसी महाराष्ट्र की धरती से हिंदू आतंकवाद की चर्चा को शुरू किया था.

उन्होंने महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में सूखे के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यहां सिंचाई परियोजनाएं लंबे समय तक लटकी रहीं.

महाराष्ट्र में चार चरण में चुनाव होने हैं. यहां 11 अप्रैल को पहले चरण में सात सीटों पर मतदान होना है.

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने निजी कंपनियों में काम कर रहे कर्मचारियों की पेंशन में बढ़ोत्तरी का रास्ता साफ़ कर दिया है. ईपीएफ़ओ ने केरल हाई कोर्ट के एक फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी जिसे ख़ारिज कर दिया गया है. हाई कोर्ट ने ईपीएफ़ओ को रिटायर हो रहे सभी कर्मचारियों को उनके कुल वेतन के आधार पर पेंशन देने का आदेश दिया था.

हिंदुस्तान टाइम्स अख़बार ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सीमा पर एक पाकिस्तानी ड्रोन दिखने के बाद भारत ने अपने दो सुखोई एसयू-30 लड़ाकू विमानों को तुरंत हवा में उड़ाया. इसके तुरंत बाद पाकिस्तान ने भी अपने एफ़-16 लांच कर दिए. हालांकि भारत और पाकिस्तान के विमानों ने एक-दूसरे के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं किया. भारत ने बालाकोट में हवाई कार्रवाई के बाद से कई पाकिस्तानी ड्रोन विमानों को मार गिराने का दावा भी किया है.

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक इंदौर से 8 बार से सांसद और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की लोकसभा चुनाव में दावेदारी पर बीजेपी अभी कोई फ़ैसला नहीं ले सकी है. इंतेज़ार से आहत सुमित्रा प्रधानमंत्री के मै भी चौकीदार हूं अभियान के तहत इंदौर में हुए कार्यक्रम में भी नहीं पहुंची. उन्होंने अभी ट्विटर पर अपने नाम के साथ चौकीदार

भी नहीं लगाया है. सुमित्रा महाजन अगले महीने 76 साल की हो जाएंगी. यानी वो पार्टी की 75 साल की लाल रेखा को भी पार कर लेंगी. मध्यप्रदेश की इंदौर सीट पर 19 मई को चुनाव होना है. बीजेपी प्रदेश की 29 में से 18 सीटों पर उम्मीदवार भी घोषित कर चुकी है ऐसे में सुमित्रा महाजन का टिकट अभी घोषित न किए जाने से उनकी उम्मीदवारी पर संदेह पैदा हुआ है. कांग्रेस ने भी अभी इंदौर सीट से उम्मीदवार घोषित नहीं किया है.

No comments:

Post a Comment