Thursday, December 27, 2018

बुलंदशहर हिंसा का बदल गया मुख्य अभियुक्तः पांच बड़ी ख़बरें

अब तक हत्या के इस मामले में मुख्य संदिग्ध के रूप में बजरंग दल के स्थानीय प्रमुख योगेश राज का नाम आ रहा था लेकिन अब पुलिस ने प्रशांत नट की गिरफ़्तारी कर उसे मुख्य अभियुक्त बताया है.

पुलिस ने बताया कि प्रशांत को गिरफ़्तार करने के बाद उसे घटनास्थल ले जाया गया और सीन को रीक्रिएट भी किया.

तीन दिसंबर, 2018 को बुलंदशहर में गुस्साई भीड़ के हमले में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह और एक स्थानीय युवक सुमित की मौत हो गई थी. यह भीड़ उस क्षेत्र में कथित गो हत्या के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन कर रही थी.

तीन तलाक़ बिल महिलाओं के ख़िलाफ़'
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने तीन तलाक़ बिल को मुस्लिम महिलाओं के ख़िलाफ़ बताया है.

उन्होंने कहा कि लाखों मुस्लिम महिलाओं के सड़क पर उतर कर तीन तलाक़ बिल का विरोध किया, विपक्षी पार्टियों और मुस्लिम संगठनों ने सेलेक्ट कमेटी को भेजने और उनके फ़ैसले के मुताबिक क़ानून बनाने की बात की थी लेकिन सरकार ने इन सभी चीज़ों को नज़रअंदाज किया जो लोकतंत्र के लिए सही नहीं है.

उन्होंने कहा कि लोकसभा से पारित होने के बाद यह बिल अगर राज्यसभा से भी पास होता है तो मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की लीगल कमेटी इस पर गौर करेगी और उसके बाद इस बिल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी जाएगी.

दूसरी तरफ़ इस बिल को लेकर समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आज़म खां ने कहा है कि मुसलमानों को लिए क़ुरान ही मान्य है, तीन तलाक़ क़ानून क्या कहता है इससे उनका कोई लेना देना नहीं है.

उन्होंने कहा, "मुसलमान जानते हैं कि तलाक़ लेने के लिए क्या करना है. क़ुरान में तलाक़ के बारे में सबकुछ लिखा है. क़ुरान की बातों के अलावा तलाक़ के लिए कोई क़ानून मान्य नहीं है. तलाक़ के लिए मुसलमानों को सिर्फ़ क़ुरान का क़ानून ही मानना चाहिए."

उन्होंने कहा कि यह हमारा मजहबी मामला है. मुसलमानों के लिए पर्सनल लॉ बोर्ड है. यह हमारा व्यक्तिगत मामला है कि मुसलमान कैसे शादी करेगा और कैसे तलाक़ लेगा.

हालांकि भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन की सदस्य जाकिया सोमन ने विधेयक का स्वागत किया और हिंदू विवाह अधिनियम की तर्ज पर मुस्लिम विवाह अधिनियम की मांग की जो बहुविवाह और बच्चों के संरक्षण जैसे मुद्दों से निपटेगा.

मेघालयः मजदूरों को बचाने किर्लोस्कर मैदान में
मेघालय की खदान में पिछले 15 दिनों से फंसे 15 मजदूरों को बचाने के लिए पंप सेट बनाने वाली दिग्गज कंपनी किर्लोस्कर ब्रदर्स लिमिटेड ने मदद की पेशकश की है.

पीटीआई के मुताबिक कंपनी मौके पर पहुंच गई है और खदान से पानी निकालने के लिए औजार मुहैया करा रही है.

ज़िला प्रशासन ने राज्य सरकार को उच्च शक्ति वाले पंप की मांग करते हुए पत्र लिखा था क्योंकि इस काम में लगे 25 हॉर्स पावर के पंप पर्याप्त साबित नहीं हो पा रहे थे.

साथ ही खदान से पानी निकालने का काम शनिवार को रोक दिया गया था क्योंकि खदान में पानी का स्तर कम नहीं हो रहा था.

उधर एनडीआरएफ ने मीडिया में आई उन ख़बरों का खंडन कर दिया जिसमें यह कहा गया था कि खदान में फंसे मजदूरों की मौत हो जाने का संदेह है क्योंकि एनडीआरएफ के गोताखोर जब खदान में उतरे थे उन्होंने 'दुर्गंध' महसूस की थी.

बचाव अभियान चला रहे गुवाहाटी की एनडीआरएफ बटालियन ने एक बयान में कहा कि सहायक कमांडेंट संतोष कुमार सिंह के 'दुर्गंध' वाले बयान को मीडिया ने ग़लत तरीके से लिया जिसे उन्होंने 'ठहरे हुए पानी' के संबंध में किया था.

No comments:

Post a Comment